Breaking News :

एसएसपी बुलंदशहर ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा, तंत्र-मंत्र के शक में मासूम की हुई थी हत्या

Blog
 Image

बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के अवंती नगर भूड़ इलाके में शनिवार को एक तीन साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। सुबह करीब 11 बजे अपने घर से अचानक लापता हुई बच्ची का शव उसके घर से महज 40 मीटर की दूरी पर स्थित एक बंद कमरे से बरामद हुआ। इस हृदयविदारक घटना के पीछे तंत्र-मंत्र और टोना-टोटका किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने कमरे में किराये पर रहने वाली सोनाली नाम की महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर 2026 की सुबह बच्ची घर के बाहर से गायब हो गई थी। परिजनों ने पहले आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और आसपास के थानों की टीमों को तलाश में लगाया गया। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालीए जिसमें बच्ची कॉलोनी से बाहर जाती हुई नजर नहीं आई। इससे पुलिस को शक हुआ कि बच्ची आसपास ही किसी घर में मौजूद है। तलाशी अभियान को तेज करते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। बच्ची के कपड़े सुंघाने के बाद खोजी कुत्ता सीधे पड़ोस में रहने वाले रोहताश राजपूत के मकान के एक बंद कमरे के बाहर जाकर रुक गया। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। कमरे के भीतर मासूम बच्ची का शव पड़ा हुआ था। इस कमरे में सोनाली नाम की महिला किराये पर रहती थी। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि महिला तंत्र-मंत्र और टोना.टोटका करती थी। बच्ची का शव मिलने की खबर फैलते ही मोहल्ले में कोहराम मच गया और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय निवासियों ने आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए दिल्ली रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। सूचना पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। एसएसपी ने बताया कि घटनास्थल के हालात को देखते हुए प्रथम दृष्टया तंत्र क्रिया के बाद मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हिरासत में ली गई महिला से गहन पूछताछ जारी है।