Breaking News :

अर्धकुंभ में अभेद्य होगा सुरक्षा चक्र: मेला क्षेत्र में बनेंगे 36 थाने,एटीएस और एनएसजी की तैनाती पर मंथन

Blog
 Image

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में आगामी अर्धकुंभ मेले के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मेला पुलिस प्रशासन ने बहुस्तरीय सुरक्षा चक्रव्यूह तैयार करना शुरू कर दिया है। मेला क्षेत्र से लेकर शहर के बाहरी हिस्सों, प्रमुख यातायात मार्गों और रेलवे स्टेशनों तक निगरानी कड़ी करने के लिए पुलिस प्रशासन ने मेला क्षेत्र में कुल 36 नए थाने स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया है।

 हरिद्वार में आगामी अर्धकुंभ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। करोड़ों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, प्रमुख स्नान पर्वों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजन के महत्व को देखते हुए मेला पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की तैयारी में जुट गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा से लेकर यातायात प्रबंधन, साइबर अपराधों पर नियंत्रण और बिछड़े हुए लोगों को उनके परिजनों से मिलाने तक के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके तहत मेला क्षेत्र में 36 थाने स्थापित करने का प्रस्ताव बनाया गया है। वहीं, आतंकवादी गतिविधियों और किसी भी बड़े सुरक्षा खतरे से निपटने के लिए आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की तैनाती को लेकर भी मंथन चल रहा है। मेला क्षेत्र में प्रस्तावित 36 थानों में 32 सेक्टर थाने, तीन यातायात थाने और एक साइबर थाना शामिल होगा। इसके अतिरिक्त रेलवे क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के छह थाने स्थापित करने की योजना है। इन थानों के माध्यम से मेला क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित कर पुलिस व्यवस्था संचालित की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके। अर्धकुंभ के दौरान प्रमुख स्नान पर्वों पर हरकी पैड़ी सहित गंगा घाटों, मंदिरों, बाजारों, संपर्क मार्गों और पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं का भारी दबाव रहने की संभावना है। ऐसे में 32 सेक्टर थानों के माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, तीन यातायात थानों की जिम्मेदारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने, जाम की स्थिति से निपटने और आवश्यकता के अनुसार यातायात मार्गों में बदलाव करने की होगी। साइबर थाना स्थापित करने का उद्देश्य मेले के दौरान होने वाले संभावित साइबर अपराधों पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई करना है।

अर्धकुंभ जैसे विशाल आयोजन में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के परिजनों से बिछड़ने की घटनाएं भी पुलिस प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती होती हैं। इसे देखते हुए मेला क्षेत्र में 30 खोया-पाया केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव है। इन केंद्रों को क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इसके माध्यम से गुमशुदा व्यक्तियों का विवरण दर्ज करने, उनकी पहचान करने और परिजनों तक सूचना पहुंचाने की प्रक्रिया आसान होगी। घाटों, मंदिरों और प्रमुख आवागमन स्थलों पर ये केंद्र श्रद्धालुओं के लिए मददगार साबित होंगे। अर्धकुंभ की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजामों पर भी विचार किया जा रहा है। आतंकवादी गतिविधियों और किसी भी बड़े सुरक्षा खतरे से निपटने के लिए एटीएस और एनएसजी जैसी विशेष एजेंसियों की तैनाती प्रस्तावित है। इसके साथ ही संवेदनशील स्थलों की पहचान, निगरानी, पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था तैयार की जाएगी। मेला आईजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत और मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल का हरिद्वार में पूर्व में कार्य करने का अनुभव भी सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डॉ. रावत हरिद्वार में एसपी सिटी से लेकर एसएसपी तक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वहीं, आयुष अग्रवाल भी यहां एएसपी के पद पर तैनात रह चुके हैं। दोनों अधिकारी धर्मनगरी की भौगोलिक परिस्थितियों, संवेदनशील क्षेत्रों और स्नान पर्वों के दौरान उमड़ने वाली भीड़ की चुनौतियों से परिचित हैं। मेला आईजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि फिलहाल कुछ पुलिस बल आवंटित हो चुका है। दिसंबर की शुरुआत तक अतिरिक्त पुलिस बल भी उपलब्ध हो जाएगा। इसके बाद प्रत्येक सेक्टर और यातायात व्यवस्था के लिए चिह्नित स्थानों पर थाने स्थापित किए जाएंगे। पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के साथ एनएसजी तथा एटीएस जैसी विशेष एजेंसियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा 30 खोया-पाया केंद्र भी स्थापित होंगे। अर्धकुंभ की सफलता केवल भव्य आयोजन तक सीमित नहीं होगी, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही, सुचारू यातायात और आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता भी इसकी बड़ी कसौटी होगी। अब पुलिस प्रशासन के सामने प्रस्तावित व्यवस्थाओं को समय रहते धरातल पर उतारने की चुनौती है।