रुद्रपुर। जनपद उधम सिंह नगर के रुद्रपुर जिला अस्पताल परिसर में मोबाइल कारोबारी नितेश जौहरी की दिनदहाड़े चाकुओं से गोदकर की गई सनसनीखेज हत्या के बाद प्रशासन ने अपराधियों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपना लिया है। वारदात के 24 घंटे के भीतर ही नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ 'बुलडोजर एक्शन' की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार सुबह भारी पुलिस बल के साथ नगर निगम की टीम ने जगतपुरा क्षेत्र में स्थित आरोपियों से जुड़े सात मकानों पर ध्वस्तीकरण (गिराने) के नोटिस चस्पा कर दिए हैं। प्रशासन ने नजूल भूमि पर अवैध रूप से बने इन भवनों को खाली करने के लिए 15 दिनों की मोहलत दी है।
जिला अस्पताल परिसर में मोबाइल कारोबारी नितेश जौहरी की निर्मम हत्या के बाद शहर में उपजे आक्रोश के बीच प्रशासन ने आरोपियों से जुड़े मकानों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार सुबह नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ जगतपुरा पहुंची और आरोपियों से जुड़े सात मकानों पर नोटिस चस्पा किए। नगर निगम ने मकान खाली करने के लिए 15 दिन का समय दिया है। प्रशासन का कहना है कि ये भवन नजूल भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए हैं और निर्धारित समय के बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इस कदम के बाद इलाके में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। कार्रवाई के दौरान महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा भी जगतपुरा पहुंचे। अधिकारियों ने मकानों पर नोटिस चस्पा कर संबंधित लोगों को निर्धारित समयसीमा में भवन खाली करने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई को नितेश हत्याकांड के बाद कानून-व्यवस्था और अवैध निर्माण के मुद्दे पर उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, फिलहाल मकानों को गिराने की कार्रवाई नहीं हुई है। पहले नोटिस की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और उसके बाद नियमानुसार आगे का निर्णय लिया जाएगा। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि धामी सरकार में अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया गया है। महापौर के अनुसार, ध्वस्तीकरण से पहले उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नोटिस देने की प्रक्रिया अपनाई गई है। सात मकानों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं और उनमें रह रहे किरायेदारों को भी मकान खाली करने के लिए कहा गया है। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि घटना के समय से ही वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री की ओर से दिए गए आश्वासन के अनुरूप प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, मृतक नितेश जौहरी के भाई ने प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि सातों मकानों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होने के बाद परिवार अब नितेश का अंतिम संस्कार करने की तैयारी करेगा। गौरतलब है कि हत्या के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके मकानों पर कार्रवाई की मांग को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। हालांकि, इस कार्रवाई से मकानों में रह रहे किरायेदारों की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि उन्होंने पुलिस सत्यापन भी कराया हुआ है। अचानक मकान खाली करने की स्थिति में उनके परिवार और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। किरायेदारों ने प्रशासन से सामान दूसरी जगह पहुंचाने और रहने की वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त समय देने की मांग की है। मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा और आपसी रंजिश को लेकर शुक्रवार 13 नवंबर को दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। मारपीट में चार लोग घायल हुए थे। इसके बाद जिला अस्पताल में उपचार के दौरान नितेश जौहरी पर चाकुओं से हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। पुलिस ने वारदात के बाद कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलभट्टा क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके पैर में गोली लगी थी। आकाश कुमार और विनोद कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मौके पर स्थिति सामान्य है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। अब इस मामले में पुलिस जांच के साथ-साथ नगर निगम की नोटिस प्रक्रिया और आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

