Breaking News :

उत्तराखंड के पर्यटन को लगे पंख: पंतनगर एयरपोर्ट से हेली सेवा शुरू, नौकुचियाताल के लिए भरी पहली उड़ान

Blog
 Image

उत्तराखंड में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में बुधवार को एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'उड़ान' योजना के तहत पंतनगर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर सेवाओं का विधिवत शुभारंभ हो गया है। क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने संयुक्त रूप से नौकुचियाताल (भीमताल) के लिए पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जानकारी के अनुसार पवन हंस कंपनी द्वारा संचालित यह हेली सेवा कुमाऊं के प्रवेश द्वार पंतनगर को सीधे पर्वतीय पर्यटन स्थलों से जोड़ेगी। पहली उड़ान के अवसर पर नारियल फोड़कर और रिबन काटकर इस सेवा की शुरुआत की गई। इस नई पहल से अब पर्यटकों को घंटों के थकाऊ सफर से निजात मिलेगी। अब पंतनगर से नैनीताल, अल्मोड़ा और देहरादून जैसे प्रमुख स्थलों तक पहुँचने में मात्र 30 से 45 मिनट का समय लगेगा। उद्घाटन के दौरान विधायक शिव अरोरा ने इस सेवा को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन से आज देहरादून, अल्मोड़ा और पंतनगर जैसे शहर हवाई मार्ग से जुड़ रहे हैं। यह सेवा न केवल पर्यटन को नई गति देगी, बल्कि नेपाल सीमा और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए भी आवागमन का सबसे सुगम माध्यम बनेगी।" उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के विकास के लिए यह सेवा मील का पत्थर साबित होगी। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने इस अवसर पर एक और महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की दिशा में काम तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा, "पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य जल्द शुरू होगा। आने वाले समय में यह नोएडा के जेवर एयरपोर्ट और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सीधा जुड़ जाएगा।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट के विकसित होने से ऊधमसिंह नगर के औद्योगिक घरानों को बड़ा लाभ होगा और निवेश की नई संभावनाएं पैदा होंगी। इस हेली सेवा के शुरू होने से सबसे ज्यादा खुशी उन पर्यटकों में है जो कम समय में हिमालय की वादियों का आनंद लेना चाहते हैं। अब देहरादून से नौकुचियाताल और अल्मोड़ा के बीच आवाजाही बेहद आसान हो गई है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस सेवा के शुरू होने से आने वाले सीजन में पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।