Breaking News :

उत्तराखंड भाजपा की बड़ी तैयारी: 'सेवा संकल्प अभियान' को बूथ स्तर तक ले जाने की रणनीति तैयार,कार्यशाला में पहुंचे सीएम धामी 

Blog
 Image

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के सफल 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखंड भाजपा ने एक बड़ी रणनीति बनाई है। रविवार को कुंवावाला स्थित 'हôtel ली ओवल' में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का खाका तैयार किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यशाला के दौरान प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों को अभियान के प्रमुख उद्देश्यों, आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की विस्तृत जानकारी दी गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर इसे व्यापक जनभागीदारी से जोड़ें, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निस्वार्थ सेवा, समर्पण और सुशासन के संदेश को हर नागरिक तक पहुंचाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो संबोधन ‘मन की बात’ का 137वां एपिसोड एक साथ सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ‘मन की बात’ देश में हो रहे नए प्रयोगों और जन-प्रयासों को सामने लाने का एक सशक्त मंच बन गया है। प्रधानमंत्री के इस संबोधन में देशभक्ति से लेकर कृषि, अंतरिक्ष और सिनेमा जैसे विविध विषयों पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक 'तिरंगा सेल्फी' अपलोड की गईं, जो देशवासियों की अटूट राष्ट्रभावना का प्रतीक है। इसके साथ ही, 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने के गौरवशाली अवसर का उल्लेख करते हुए पीएम ने राष्ट्रभक्ति के रंगों को और मजबूत करने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने देश की युवा शक्ति से विशेष रूप से नशामुक्त भारत अभियान में अग्रणी भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए रचनात्मक सामग्री, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया का भरपूर उपयोग करें, ताकि इस बुराई के खिलाफ संदेश दूर-दराज तक पहुंचे। कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लेने को कहा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और हर जरूरतमंद की मदद करने का निर्देश दिया।