हल्द्वानी। हल्द्वानी में पत्रकारों के सशक्तिकरण और आधुनिक मीडिया सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सोमवार को एक ऐतिहासिक पहल हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊँ मीडिया सेंटर भवन का विधिवत शिलान्यास करते हुए पत्रकारों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। करीब 6 करोड़ 75 लाख 88 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक मीडिया सेंटर कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों के लिए समर्पित बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मीडिया सेंटर केवल एक भवन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता को समर्पित एक सशक्त मंच होगा। उन्होंने कहा कि अब तक कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों को कई प्रशासनिक और मीडिया संबंधी कार्यों के लिए देहरादून जाना पड़ता था, लेकिन मीडिया सेंटर बनने के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगे। इससे पत्रकारों के समय और संसाधनों की बचत होगी तथा कार्यप्रणाली अधिक सुगम बनेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि मीडिया सेंटर में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी, कैंटीन और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों— मुनस्यारी, बागेश्वर, कपकोट, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और रानीखेत से आने वाले पत्रकारों के लिए आवासीय गेस्ट रूम भी बनाए जाएंगे, ताकि उन्हें आवागमन की कठिनाइयों से राहत मिल सके। मुख्यमंत्री धामी ने पत्रकार कल्याण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की सुरक्षा और हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि पत्रकार कल्याण कोष की राशि बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये कर दी गई है, जिससे आकस्मिक निधन या गंभीर बीमारी की स्थिति में पत्रकारों के परिजनों को त्वरित आर्थिक सहायता मिल सके। इसके अलावा अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा लागू की गई है। वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को प्रतिमाह 10 हजार रुपये पेंशन भी दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि समाचार पत्रों से संबंधित निरीक्षण कार्य अब इसी मीडिया सेंटर से संचालित किए जाएंगे, जिससे पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी तथा पत्रकारों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह मीडिया सेंटर भविष्य में हल्द्वानी को कुमाऊँ क्षेत्र का प्रमुख मीडिया हब बनाएगा और यहां से संचालित होने वाली पत्रकारिता क्षेत्रीय ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावी भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की कलम लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत और सरकार के लिए मार्गदर्शक है। मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि चंपावत जनपद के टनकपुर में मीडिया सेंटर गेस्ट हाउस का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है, जिससे सीमांत क्षेत्रों के पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सरिता आर्या सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

