अहम सुराग जुटाने के लिए सूरत पुलिस ने कराई 13 वर्षीय जीवित बचे बच्चे की काउंसलिंग, जांच तेज

Blog
 Image

सूरत। रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र से गुजरात आ रहे एक ही परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। सूरत जिले के बारडोली तालुका में चार अज्ञात और संदिग्ध हमलावरों ने एक परिवार के छह सदस्यों का अपहरण कर उन्हें उकाई-काकरापार नहर के गहरे पानी में फेंक दिया। इस हृदयविदारक घटना में माता-पिता और उनकी 9 साल की मासूम बेटी की डूबने से मौत हो गई है, जबकि परिवार के दो बच्चे अब भी लापता हैं। वहीं, 13 साल के एक बेटे ने मौत को मात देते हुए नहर से बाहर निकलकर इस पूरी खौफनाक साजिश का पर्दाफाश किया है। मृतकों की पहचान महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एरंडोल निवासी नितिन उर्फ भूरिया पाटिल, उनकी पत्नी कविता और 9 वर्षीय बेटी स्वीटी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, नितिन अपने परिवार के साथ 21 नवंबर को मजदूरी के सिलसिले में एक ईको गाड़ी से सूरत के लिए निकले थे। बारडोली तालुका के उवा गांव के पास एक अन्य कार में सवार चार लोगों ने उनकी गाड़ी को जबरन रोक लिया। आरोपियों ने परिवार को दो अलग-अलग वाहनों में बैठाया और उकाई लेफ्ट बैंक नहर के पास ले जाकर सभी को गहरे पानी में फेंक दिया। पानी में गिरते ही 13 वर्षीय करण पाटिल के हाथ नहर के भीतर लगा एक लोहे का पाइप आ गया। उसने पूरी ताकत से पाइप को पकड़े रखा और काफी देर तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया। बाहर आकर बदहवास हालत में वह पास के एक पेट्रोल पंप पर पहुंचा और कर्मचारियों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बारडोली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने नहर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। महुवा तहसील के डूंगरी गांव के पास नहर से नितिन, कविता और बेटी स्वीटी के शव बरामद कर लिए गए हैं। परिवार का 16 वर्षीय बेटा और 2 साल का मासूम बच्चा अभी भी लापता हैं। नहर का बहाव नवसारी और जलालपोर की ओर होने के कारण उन जिलों के थानों को भी अलर्ट कर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। इस मामले में मृतका कविता की 25 वर्षीय बड़ी बेटी ने बारडोली ग्रामीण थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें से तीन को नामजद किया गया है। सूरत ग्रामीण के एसपी राजेश गढ़िया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी एसपी और एएसपी स्तर के अधिकारियों की निगरानी में 6 विशेष टीमें गठित की गई हैं। करीब 60 से 65 पुलिसकर्मी सीसीटीवी फुटेज खंगालने और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगे हैं। महाराष्ट्र की जलगांव पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि आखिर आरोपियों ने पूरे परिवार को मौत के घाट उतारने की कोशिश क्यों की और इसके पीछे कोई पुराना पारिवारिक विवाद है या कोई अन्य रंजिश।