Breaking News :

उत्तराखंड में 12 नवंबर को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची,11 दिसंबर तक करा सकेंगे संशोधन

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी चुनाव और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने कमर कस ली है। प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 2027 की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को पूरे राज्य में ड्राफ्ट (प्रारूप) मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा।

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसके तहत प्रदेश में 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम या विवरण में संशोधन कराने और गलत प्रविष्टियों पर आपत्ति दर्ज कराने का रास्ता खुल जाएगा। निर्वाचन विभाग ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 11 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित की जाएगी। यानी जिन नागरिकों की पात्रता निर्धारित तिथि के अनुसार पूरी होती है, वे मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। ड्राफ्ट सूची प्रकाशित होने के बाद मतदाता अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे। सूची में किसी तरह की त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार के लिए दावा प्रस्तुत किया जा सकेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद निर्वाचन विभाग की ओर से इनकी सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसे 28 दिसंबर तक पूरा किया जाना है। सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद चार जनवरी 2027 को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में नाम हटाने से संबंधित आपत्तियों के लिए फॉर्म-7 के उपयोग की सीमा भी निर्धारित की है। इसके तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की पूरी अवधि के दौरान कोई मतदाता आक्षेपकर्ता के रूप में अधिकतम 10 फॉर्म-7 आवेदन प्रस्तुत कर सकेगा। वहीं, मतदाता सूची के सतत अद्यतन की अवधि में किसी व्यक्तिगत मतदाता की ओर से एक महीने में अधिकतम पांच फॉर्म-7 आवेदन ही दिए जा सकेंगे। निर्वाचन विभाग अभियान को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों में जुटा है। इस पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करना, पात्र नागरिकों के नाम शामिल करना और गलतियों को ठीक करना है। ऐसे में मतदाताओं के लिए जरूरी है कि वे ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और विवरण जांच लें। किसी भी तरह की त्रुटि या आपत्ति होने पर निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची में सही जानकारी दर्ज हो सके।