नितिन नवीन के अहम दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के लिए भाजपा नेता और कार्यकर्ता तैयार

Blog
 Image

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के 28 मई को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी संगठन इस दौरे को बेहद अहम मानते हुए स्वागत से लेकर बैठकों तक हर कार्यक्रम को भव्य और अनुशासित तरीके से संपन्न कराने में जुटा है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यक्रम प्रमुखों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष का राज्य में पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया जाएगा। कार्यकर्ताओं द्वारा 25 से अधिक स्थानों पर उत्साह और सादगी के साथ अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं में दौरे को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन 28 मई को शाम 4:35 बजे देहरादून स्थित जौलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे, जहां शाम 6:15 बजे कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इसके बाद मंत्रियों के साथ संगठन और सरकार के समन्वय को लेकर चर्चा होगी। 29 मई को उनका दिन बेहद व्यस्त रहेगा। सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के बाद वे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी. सी. खंडूड़ी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद राजपुर रोड स्थित एक होटल में महत्वपूर्ण बैठकों का दौर शुरू होगा। सबसे पहले सांसदों और विधायकों के साथ बैठक होगी, जिसमें आगामी चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार पर चर्चा की जाएगी। दोपहर दो बजे प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत मंथन होगा। शाम चार बजे नगर निगम मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत प्रतिनिधि और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके अलावा मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ भी अलग बैठक आयोजित की जाएगी। दौरे के अंतिम दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वे डाकरा बूथ अध्यक्ष के आवास पहुंचकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और दुर्गामल्ल मंडल की बैठक में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के तहत सिंहनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी को संबोधित करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। भाजपा संगठन इस दौरे को आगामी चुनावों की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है। बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के उद्देश्य से इस दौरे को भाजपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।