उत्तराखंड के 25 वर्ष पूरे होने पर युवाओं को प्रेरित करेंगी आनंदीबेन पटेल और कर्नल कुरैशी

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर नौ नवंबर को राजधानी देहरादून में विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। इस मौके पर देश की दो प्रतिष्ठित हस्तियां  उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और भारतीय सेना की जांबाज अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी दून पहुंचेंगी। दोनों ही हस्तियां झाझरा स्थित जनजातीय गुरुकुल दून संस्कृति विद्यालय में आयोजित होने वाले रजत जयंती समारोह में शामिल होंगी।

कर्नल सोफिया कुरैशी ने वर्ष 2016 में अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘ऑपरेशल सिंदूर’ में भारतीय दल का नेतृत्व कर इतिहास रचा था। वह इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी और छात्र-छात्राओं को नेतृत्व, अनुशासन और देशसेवा के प्रति प्रेरित करेंगी। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह पहली बार है जब कर्नल सोफिया कुरैशी देहरादून आ रही हैं। उनके आगमन को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में विशेष उत्साह है। विद्यालय के निदेशक ऋत्विक विजय ने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से छात्र-छात्राओं के साथ ही कई विश्वविद्यालयों के कुलपति भी शामिल होंगे। रजत जयंती समारोह में उत्तराखंड के 25 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा होगी और राज्य के स्वर्णिम भविष्य का संकल्प दोहराया जाएगा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल कार्यक्रम की मुख्य अतिथि होंगी। उनके संबोधन में शिक्षा, नारी सशक्तिकरण और जनजातीय विकास जैसे विषयों पर विशेष रूप से फोकस रहेगा। वहीं, कर्नल सोफिया कुरैशी अपने सैन्य अनुभव साझा करेंगी और युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करेंगी। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उत्तराखंड की लोकधरोहर को प्रदर्शित किया जाएगा। रजत जयंती समारोह के इस आयोजन को राज्य की गौरवगाथा के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें उत्तराखंड के विकास, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण की झलक एक साथ दिखाई देगी।