Breaking News :

सूखा शीतकाल उत्तराखंड के पहाड़ों में सक्रिय मौसम चरण में बदलने वाला

Blog
 Image

उत्तराखंड में इस शीतकालीन मौसम में अब तक बारिश और बर्फबारी न होने से सूखी ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मैदान से लेकर पहाड़ तक दिन में धूप और रात में कड़ाके की ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है। खासतौर पर मैदानी इलाकों में सुबह-शाम ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है। इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के लिए राहत भरी जानकारी दी है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में दो दिन बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है। इससे न केवल ठंड का असर बढ़ेगा बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक आज और कल प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, बुधवार को देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जैसे मैदानी जिलों के साथ ही नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 16 से 19 जनवरी के बीच उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 3400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार भी बन रहे हैं। मौसम में इस बदलाव के चलते प्रदेशभर में दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। सूखी ठंड का सबसे ज्यादा असर इस समय मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। रात के न्यूनतम तापमान में आने वाले दिनों में और गिरावट की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को कोहरे और ठंड को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर वाहन चालकों को सुबह और रात के समय अतिरिक्त सतर्क रहने को कहा गया है।