जिला प्रभारियों ने कार्यकर्ताओं को नितिन नवीन के रणनीतिक निर्देशों को गांवों में लागू करने का दिया निर्देश

Blog
 Image

उत्तराखंड की सियासत में आज से एक बड़ा और महत्वपूर्ण अध्याय शुरू होने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कमान संभालने के बाद पहली बार अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आज देहरादून पहुंच रहे हैं। साल 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा बेहद खास और रणनीतिक माना जा रहा है। इस महादौरे को लेकर उत्तराखंड भाजपा में जबरदस्त उत्साह है और देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय को दुल्हन की तरह बेहद भव्य रूप से सजाया गया है। तीन दिनों तक चलने वाले इस संगठनात्मक मंथन में राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश पदाधिकारियों, मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के साथ बंद कमरे में मिशन 2027 को फतह करने और सत्ता की 'हैट्रिक' लगाने की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज (28 मई) शाम करीब 6 बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे। यहाँ उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। इसके तुरंत बाद वे एक्शन मोड में नजर आएंगे। भाजपा की उच्च स्तरीय कोर कमेटी के साथ करीब एक घंटे की पहली महत्वपूर्ण बैठक होगी।मुख्यमंत्री और सूबे के पूरे मंत्रिमंडल के साथ मैराथन बैठक होगी, जिसमें सरकार के कामकाज और चुनावी प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। दौरे के दूसरे दिन (29 मई) सुबह 7:30 बजे नितिन नवीन प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में बाबा का आशीर्वाद लेंगे। वहां से लौटते वक्त वे करीब एक घंटा मुख्यमंत्री आवास में बिताएंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे वे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी के आवास पर जाकर उनके परिजनों से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। इसके ठीक बाद, बीजापुर गेस्ट हाउस में बैठकों का महामंथन शुरू होगा। सुबह 10:30 से दोपहर 12:30 बजे: प्रदेश के सभी विधायकों और सांसदों के साथ अहम बैठक। दोपहर 1:00 से 2:30 बजे: प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्षों संग संगठनात्मक बैठक।  मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी टीम और प्रवक्ताओं के साथ संवाद कर चुनावी नैरेटिव सेट करने के निर्देश देंगे। इसके बाद वे शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में शामिल होंगे। दौरे के तीसरे और अंतिम दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा की सबसे मजबूत कड़ी यानी बूथ समिति, मंडल कार्यकारिणी, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों के साथ सीधे रूबरू होंगे। वे सरकार के दायित्वधारियों के साथ भी बैठक करेंगे। इस दौरान वे जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती परखने के लिए एक बूथ अध्यक्ष के घर जाकर जलपान भी करेंगे। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे पर उत्साह जताते हुए कहा कि नितिन नवीन का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंकने का काम करेगा। संगठन और सरकार के स्तर पर चुनाव की क्या तैयारियां हैं, इसकी बिंदुवार समीक्षा की जाएगी। विधायकों के टिकट कटने की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए चौहान ने स्पष्ट किया कि भाजपा की ओर से जो भी सर्वे कराया जाता है, वह किसी जनप्रतिनिधि का टिकट काटने के लिए नहीं, बल्कि उनके द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा के लिए होता है। फिलहाल चुनाव में वक्त है, इसलिए संगठन स्तर पर हर पहलू पर खुलकर चर्चा की जा रही है।