Breaking News :

उत्तराखंड पुलिस के गौरव में जुड़ेगा एक और स्वर्णिम अध्याय: 9 नवंबर को स्थापना दिवस पर मिल सकता है राष्ट्रपति पुलिस कलर

Blog
 Image

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड के लिए इस बार का राज्य स्थापना दिवस बेहद खास और ऐतिहासिक होने जा रहा है। अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली, कठिन परिस्थितियों में बेहतरीन कानून-व्यवस्था और आपदा प्रबंधन में अनुकरणीय योगदान के लिए देश के चुनिंदा पुलिस बलों में शुमार उत्तराखंड पुलिस को देश का प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ प्रदान किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, आगामी नौ नवंबर को राज्य के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देहरादून आ सकते हैं और उनके हाथों से ही पुलिस बल को यह गौरवशाली सम्मान मिलने की संभावना है।

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस इस बार प्रदेश पुलिस के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि का गवाह बन सकता है। नौ नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस सम्मान को प्रदान करने के लिए देहरादून आ सकते हैं। हालांकि, उनके दौरे और समारोह के कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। यदि यह कार्यक्रम निर्धारित तिथि पर आयोजित होता है, तो राज्य पुलिस के लिए यह गौरवपूर्ण अवसर होगा। उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किए जाने की घोषणा इसी वर्ष अप्रैल में की गई थी। इसके बाद से पुलिस विभाग में इस सम्मान को लेकर तैयारियां चल रही हैं। बताया जा रहा है कि सम्मान के लिए पुलिस कलर का डिजाइन भी अंतिम रूप से तय कर लिया गया है। अब स्थापना दिवस पर संभावित समारोह को लेकर तैयारियों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। राष्ट्रपति पुलिस कलर पुलिस बल को दिया जाने वाला प्रतिष्ठित सम्मान है। यह केवल एक औपचारिक पुरस्कार नहीं, बल्कि पुलिस संगठन की कार्यक्षमता, अनुशासन, सेवा और उपलब्धियों का प्रतीक माना जाता है। इस सम्मान के लिए पुलिस बल के कामकाज का विभिन्न स्तरों पर मूल्यांकन किया जाता है। इस प्रक्रिया में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, जनसुरक्षा और तकनीकी नवाचार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पुलिस के प्रदर्शन को परखा जाता है। बहुस्तरीय मूल्यांकन के बाद ही किसी पुलिस बल को इस सम्मान के योग्य माना जाता है। उत्तराखंड पुलिस ने इन प्रक्रियाओं में निर्धारित मानकों पर खरा उतरते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। इसी के साथ प्रदेश पुलिस का नाम देश के उन चुनिंदा पुलिस बलों में शामिल हुआ, जिन्हें राष्ट्रपति पुलिस कलर से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। राष्ट्रपति पुलिस कलर किसी भी पुलिस बल के लिए गौरव, पहचान और परंपरा का स्थायी प्रतीक होता है। यह सम्मान पुलिस के ध्वज और वर्दी पर अंकित होकर संगठन की विशिष्ट पहचान को दर्शाता है। साथ ही, यह प्रत्येक पुलिसकर्मी को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी का अहसास कराता है। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में पुलिस की भूमिका कई चुनौतियों से जुड़ी है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां, चारधाम यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था, प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्य और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं। ऐसे में राष्ट्रपति पुलिस कलर का सम्मान विभाग के मनोबल और प्रतिष्ठा के लिहाज से खास महत्व रखता है। अप्रैल में गोवा पुलिस के लिए भी राष्ट्रपति पुलिस कलर की घोषणा हुई थी और वहां इसे प्रदान करने के लिए समारोह आयोजित किया जा चुका है। इसी क्रम में उत्तराखंड पुलिस भी सम्मान ग्रहण करने की तैयारियों में जुटी बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों की समिति द्वारा डिजाइन को अंतिम रूप दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। अब निगाहें नौ नवंबर पर टिकी हैं। राज्य स्थापना दिवस पर यदि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देहरादून पहुंचकर उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करते हैं, तो यह समारोह प्रदेश पुलिस के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ सकता है। हालांकि, अंतिम कार्यक्रम और मुख्य अतिथि की उपस्थिति को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।