आईटीआई प्रमाणपत्र धारकों को अग्निवीर में मिलेगा बोनस अंक

Blog
 Image

भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया 2026 के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 1 अप्रैल तक जारी रहेगी। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस बार आयु सीमा में अहम बदलाव करते हुए अधिकतम आयु 21 से बढ़ाकर 22 वर्ष कर दी गई है, जिससे अधिक युवाओं को मौका मिलेगा। भर्ती के तहत कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा (सीईई) आयोजित की जाएगी, जो देशभर के 176 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय परीक्षा केंद्र के लिए पांच विकल्प भरने होंगे, जिनमें से एक केंद्र आवंटित किया जाएगा। आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसका ऑनलाइन भुगतान अनिवार्य होगा। केवल प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही आगे की भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।

अल्मोड़ा स्थित सेना भर्ती कार्यालय के अंतर्गत उत्तराखंड के चार जिलों अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के युवा इस भर्ती में शामिल हो सकेंगे। इस वर्ष अभ्यर्थियों को एक साथ दो पदों के लिए आवेदन करने की सुविधा भी दी गई है, जिससे चयन प्रक्रिया में प्रतिस्पर्धा बढ़ने की संभावना है।शैक्षणिक योग्यता के अनुसार अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए 10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। टेक्निकल, क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल पदों के लिए 12वीं (विज्ञान वर्ग) आवश्यक है। ट्रेड्समैन पदों के लिए 10वीं और 8वीं पास अभ्यर्थी पात्र होंगे। महिला सैन्य पुलिस और नर्सिंग सहायक पदों के लिए भी न्यूनतम 10वीं उत्तीर्ण योग्यता निर्धारित की गई है।खेल, एनसीसी और आईटीआई प्रमाणपत्र धारकों को बोनस अंक का लाभ मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर के खिलाड़ियों को अलग-अलग अंक प्रदान किए जाएंगे, जबकि एनसीसी ‘सी’ प्रमाणपत्र धारकों को अधिकतम 20 अंक तक का लाभ मिल सकता है।भर्ती निदेशक कर्नल मेहश कुमार ने प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बताते हुए अभ्यर्थियों से किसी भी दलाल या फर्जी एजेंट से सावधान रहने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार सेना भर्ती कार्यालय या आधिकारिक वेबसाइट से संपर्क कर सकते हैं।