Breaking News :

राजनीतिक हस्तक्षेप के बाद दिल्ली अग्निकांड जांच पर नए सवाल खड़े हुए

Blog
 Image

नई दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद गिरफ्तार किए गए उत्तराखंड निवासी केशव नेगी के समर्थन में अब राजनीतिक दल खुलकर सामने आ गए हैं। खास बात यह है कि इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा दोनों ने एक स्वर में निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक जांच की मांग उठाई है। दोनों दलों के नेताओं ने सवाल किया है कि कहीं वास्तविक जिम्मेदारों को बचाने के लिए एक कर्मचारी को बलि का बकरा तो नहीं बनाया जा रहा।

उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि होटल में आग लगने की घटना गंभीर जांच का विषय है, लेकिन जिस तरह से होटल में कार्यरत कर्मचारी केशव नेगी को गिरफ्तार किया गया है, उस पर कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि केशव होटल में सेफ के रूप में कार्यरत था और यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि क्या आग बुझाने की जिम्मेदारी उसी की थी। गोदियाल ने कहा कि जांच का केंद्र आग लगने के कारण, सुरक्षा मानकों का पालन और होटल प्रबंधन की जिम्मेदारी होनी चाहिए, न कि केवल एक कर्मचारी को आरोपी बनाना। वहीं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस बड़े और प्रभावशाली आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि होटल के छोटे कर्मचारियों को आरोपी बनाकर मामले की दिशा बदलने का प्रयास नहीं होना चाहिए। रावत ने मांग की कि होटल संचालन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े वास्तविक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। दूसरी ओर भाजपा भी इस मामले में केशव नेगी के समर्थन में खड़ी दिखाई दी। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने और सांसद अनिल बलूनी ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है, लेकिन यह भी जरूरी है कि किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो। त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि उत्तराखंड के लोग अपनी ईमानदारी, मेहनत और संस्कारों के लिए देश-दुनिया में पहचान रखते हैं। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति निर्दोष है तो उसे न्याय मिलना चाहिए और उसके अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केशव नेगी को कानूनी सहायता और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। दिल्ली के इस चर्चित अग्निकांड मामले में अब राजनीतिक और सामाजिक दबाव बढ़ता दिखाई दे रहा है। कांग्रेस और भाजपा दोनों की ओर से उठी निष्पक्ष जांच की मांग के बाद लोगों की निगाहें अब जांच एजेंसियों और दिल्ली पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच में वास्तविक जिम्मेदार कौन साबित होते हैं और क्या केशव नेगी की गिरफ्तारी तथ्यों के आधार पर उचित थी या नहीं।